बिहार में पछुआ हवा से बढ़ेगा तापमान, रोहतास और बक्सर समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना
पछुआ हवा से बिहार में तापमान में होगी वृद्धि।
पटना। राजधानी सहित प्रदेश के मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलेगा। शुष्क पछुआ हवा के कारण तापमान में वृद्धि होने के साथ कुछ स्थानों पर गर्म दिन रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं है।
बुधवार को दक्षिण पश्चिम भागों के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद के कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
सोमवार को पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
दो से चार जून के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बने होने के साथ तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि का पूर्वानुमान है। पटना सहित आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ उमस का प्रभाव बना रहेगा।
