नगर निगम के सफाई कर्मी 12 फ़रवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का करेंगे पूर्ण समर्थन
पटना, 10 फ़रवरी — पटना नगर निगम स्टाफ़ यूनियन (इंटक) के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने नूतन राजधानी अंचल परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पटना नगर निगम में कार्यरत लगभग 7,000 दैनिक एवं आउटसोर्स सफाई कर्मी वर्षों से गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो निगम कर्मी आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होंगे।
श्री सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री से माँग की कि पिछले 18 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे दैनिक सफाई कर्मियों का अविलंब नियमितीकरण किया जाए तथा आउटसोर्स सफाई कर्मियों के वेतन का भुगतान सीधे नगर निगम द्वारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी नगर की रीढ़ हैं और उनके साथ हो रहा अन्याय अब और सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी दैनिक एवं आउटसोर्स सफाई कर्मियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए 12 फ़रवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में पूर्ण समर्थन देने की अपील की।
