ख़बरपटनाबिहारराज्य

होटल मौर्या में दो दिवसीय प्रीमियर स्कूल्स एडमिशंस फेयर की शुरुआत, एक मंच पर देश के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल

फेयर में नर्सरी से सीनियर सेकेंडरी तक प्रवेश, छात्रवृत्ति और आवासीय सुविधाओं की मिल रही जानकारी

पटना : देश के प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों में दाखिले की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या में दो दिवसीय प्रीमियर स्कूल्स एडमिशंस फेयर की शुरुआत हुई। बिग बैनर एग्जिबिटर की ओर से आयोजित इस फेयर में देश के विभिन्न नामी बोर्डिंग स्कूल हिस्सा ले रहे हैं। यहां अभिभावकों और विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर स्कूलों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति और आवासीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। फेयर का उद्घाटन मुख्य अतिथि जदयू के प्रदेश महासचिव निरंजन केशव प्रिंस, प्रो. डॉ. भागवत शर्मा, फेयर के संस्थापक विनोद कुमार सिंह और संयोजक श्वेता ने संयुक्त रूप से किया।

आयोजक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य अभिभावकों को विभिन्न प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और सुविधाओं से परिचित कराना है, ताकि वे अपने बच्चों के लिए बेहतर शिक्षण संस्थान का चयन कर सकें। उन्होंने कहा कि फेयर में शामिल स्कूलों के प्रतिनिधि अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान कर रहे हैं और दाखिले से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। फेयर की संयोजक श्वेता ने बताया कि यहां नर्सरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्तर तक के प्रवेश के लिए परामर्श दिया जा रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और स्कूलों में उपलब्ध आवासीय सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, फेयर में अभिभावकों और विद्यार्थियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। यह आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। आयोजकों ने अभिभावकों से फेयर में पहुंचकर स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और सुविधाओं की जानकारी लेने तथा बच्चों के भविष्य के लिए उपयुक्त विकल्पों पर विचार करने की अपील की है।

Leave a Reply