ख़बरपटनाबिहारराज्य

युवाओं को राजनीति में आने से बदलेगा माहौल- विजय कुमार चौधरी

बीडी कॉलेज का द्वितीय भुवनेश्वरी दयाल स्मृति व्याख्यान संपन्न

पटना। राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि जनसेवा, धैर्य, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का मार्ग है। युवाओं से आह्वान किया कि वे राजनीति को सकारात्मक दृष्टि से देखें और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। शिक्षित युवाओं के राजनीति में आने से माहौल बदलेगा। युवाओं में धैर्य जरूरी है। कॅरियर चुनते समय युवाओं को अपनी रुचि के साथ-साथ आजीविका के पहलू पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए। मतदाताओं की जागरूकता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। सजग नागरिक ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करते हैं।
ये बातें शनिवार को बिहार सरकार के जल संसाधन, संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क तथा भवन निर्माण मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बी.डी. कॉलेज की ओर से अधिवेशन भवन सभागार में द्वितीय भुवनेश्वरी दयाल स्मृति व्याख्यान में ‘भारतीय लोकतंत्र में करियर के रूप में राजनीति’ विषय पर बोलते हुए कही।
सेमिनार में उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के सचिव राजीव रौशन, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति उपेंद्र प्रसाद सिंह तथा मगध विश्वविद्यालय के कुलपति शशि प्रताप शाही ने भी विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि राजनीति राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा का सशक्त माध्यम है तथा युवाओं को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाना चाहिए। मगध विवि के कुलपति प्रो एसपी शाही ने कहा कि युवाओं को राजनीति में आना चाहिए। पर राजनीति में धैर्य के साथ संपर्ण भाव के साथ काम करना चाहिए।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान महाविद्यालय में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 110 किलोवाट सौर संयंत्र की स्थापना, ई-कचरा प्रबंधन के लिए भारत सरकार की संस्था एमएसटीसी के साथ समझौता ज्ञापन, वर्मीकम्पोस्ट इकाई की स्थापना तथा राष्ट्रीय सेवा योजना और राष्ट्रीय कैडेट कोर की उल्लेखनीय उपलब्धियां महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि बी.डी. कॉलेज अब शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहलों में भी अग्रणी बन रहा है। आने वाले वर्षों में इसे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनीता तिवारी ने प्रस्तुत किया। सभागार में विद्यार्थियों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायी बना दिया। यह व्याख्यान न केवल युवाओं को राजनीति को करियर विकल्प के रूप में अपनाने की प्रेरणा देने में सफल रहा, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।

Leave a Reply